27.2 C
Dehradun, IN
September 2, 2026
Home | Uttarakhand Loksabha Local and National News in Hindi
मध्यप्रदेश

खड़ी बस को पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, तीन की मौत, आठ घायल

गुना। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर राघौगढ़ थाना अंतर्गत जेपी कालेज के पास बुधवार तड़के एक खड़ी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बस में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। घटना में आठ यात्री घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर है, जिन्हें गुना के जिला अस्पताल रेफर किया गया। बस सूरत से कानपुर जा रही थी। रास्ते में पहिया पंचर होने पर पहिया बदलने का काम सड़क किनारे बस खड़ी कर किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार बस में सवार अधिकांश यात्री उत्तरप्रदेश के निवासी थे। मृतकों में बस के क्लीनर सहित दो यात्री शामिल हैं। हादसे के समय ज्यादातर यात्री बस में सोए हुए थे, जबकि कुछ बस से उतर कर बाहर टहल रहे थे। मृतकों में शामिल क्लीनर बस के पहिया को बदलने का काम रहा था। जबकि मृतक हुए अन्य दो लोग बस में सो रहे थे। घटना बुधवार सुबह 5.50 बजे की बताई जा रही थी।

पंचर पहिया को बदलते वक्त हादसा

बस का पहिया पंचर होने पर बस को सड़क किनारे खड़ा कर पहिया बदला जा रहा था। बस का एक पहिया सड़क पर तो दूसरा सड़क से नीचे उतार कर पहिया बदला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए अनियंत्रित तेज रफ्तार एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना की सूचना लगने के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राघौगढ़ अस्पताल भेजा तथा शवों को पीएम के लिए राघौगढ़ अस्पताल में रखवाया। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जिनमें से एक की मौत हो गई। इस तरह एक मृतक का पोस्टमार्टम गुना तो दो का राघौगढ़ में किया जा रहा है।

इनकी हुई मौत

बस क्लीनर देशबंधु पुत्र राजाराम निवासी उसरागांव जिला जालौन उत्तरप्रदेश, यात्री अनुज पुत्र कैलाश निवासी अमरकंटक त्रिलोकपुर जिला प्रतापगढ़ उत्तरप्रदेश, रामराजा यादव पुत्र गोवर्धन उम्र 35 वर्ष निवासी उन्नाव उत्तरप्रदेश।

घायलों में यह शामिल

संदीप कुमार पुत्र छेदीलाल उम्र 24 वर्ष निवासी त्रिलोकपुर प्रतापगढ़, प्रयांशु पुत्र छोटेलाल यादव उम्र 17 वर्ष निवासी सक्खाखेड़ा उन्नाव, शुभम पुत्र देवतादीन कुशवाह उम्र 25 साल, सत्यम पुत्र देवतादीन कुशवाह उम्र 20 साल निवासी भतनखेड़ा उन्नाव, गुलाब पुत्र बलदू प्रसाद निसत उम्र 48 वर्ष निवासी चितकनपुर कानपुर, मीरू पुत्र बुच्चा भूरिया उम्र 64 वर्ष निवासी दोयूतड़ जिला झाबुका, रीतेश शर्मा यूपी।

ट्रक चालक कूदकर भागा

पुलिस ने बताया कि बस क्रमांक यूपी 78 जी टी 4347 इंदौर की तरफ से ग्वालियर तरफ जा रही थी। वहीं ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 3772 भी इंदौर तरफ से आ रहा था। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन से कूदकर भाग गया। बस में अधिकांश लोग उत्तरप्रदेश के जबकि एक घायल मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले का सवार था।

ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया

पीछे से बस में घुसे ट्रक का अगला क्षतिग्रस्त हुआ है। बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसके पीछे का कांच भी फूट गया। ट्रक पीछे से बस में चिपक गया था, जिसे मौके पर क्रेन बुलवाकर हटवाया गया।

नींद में थीं सवारियां

बस में सवार प्रतापगढ़ के संदीप और अनुज एक साथ बस में सवार थे। जिनमें से अनुज की मौत हुई, जो हादसे के समय सो रहा था। इनके अलावा घायल हुए उन्नाव के शुभम, सत्यम और प्रयांशु एक साथ थे। जबकि गंभीर घायल रीतेश शर्मा भी बस में सवार था। गंभीर घायल होने पर रीतेश और एक अन्य यात्री रामराजा को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां रामराजा की मौत हो गई।

Related posts

उमरिया में बांधवगढ़ के बफर में 50 से ज्यादा बाघ, प्रदेश के दूसरे रिजर्व में भी ऐसा ही खतरा

Uttarakhand Loksabha

इंदौर : सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिये शारजाह से मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंचे 23 वर्षीय व्यक्ति के कब्जे से रोडियम धातु की परत चढ़ा करीब 80 ग्राम सोना जब्त किया गया। आरोपी व्यक्ति विदेशी सोने की इस खेप को अपने मोबाइल चार्जर और ईयर पॉड्स में छिपाकर लाया था। सीमा शुल्क विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सोने का मूल्य करीब छह लाख रुपये आंका जा रहा है। उन्होंने बताया कि शारजाह की एक हालिया उड़ान से इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे मोहम्मद आरिफ गामा शेख (23) की मुखबिर की पुख्ता सूचना पर तलाशी ली गई। अधिकारी के मुताबिक, मुंबई के रहने वाले शेख के कब्जे से 80.29 ग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया, जिस पर रोडियम की परत चढ़ी हुई थी। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति ने सोने की यह खेप अपने मोबाइल चार्जर और ईयर पॉड्स में छिपा रखी थी। दोनों उपकरणों का जब चलाकर देखा गया, तो ये काम करते पाए गए। उन्होंने बताया कि सोने पर रोडियम की परत चढ़ाने के बाद यह पीली धातु चांदी की तरह बेहद चमकीली दिखाई देती है। अधिकारी ने बताया कि विदेशी सोने तस्करी के दौरान कानून प्रवर्तन एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश के तहत इस पीली धातु पर अक्सर रोडियम की परत चढ़ा दी जाती है। उन्होंने बताया कि शेख के कब्जे से विदेश में बना एक लैपटॉप और दो महंगे फोन भी जब्त किए गए। अधिकारी ने बताया कि सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Uttarakhand Loksabha

मां ने 2 साल की बेटी का चाकू से काटा गला, फिर खुद को भी मारे चाकू दीवार पर लिखा सुसाइड नोट, जानिए पूरा मामला

Uttarakhand Loksabha