21.6 C
Dehradun, IN
April 17, 2026
Home | Uttarakhand Loksabha Local and National News in Hindi
खेल

विराट कोहली को ओपनिंग से हटाना जरूरी, लेकिन टीम इंडिया के लिए आसान नहीं ये फैसला

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 राउंड में जगह बना ली है. ग्रुप स्टेज में लगातार 3 मैच जीतकर भारतीय टीम अगले राउंड में पहुंची है. टीम का ये प्रदर्शन इसलिए अहम है क्योंकि इसमें उसके सबसे अहम बल्लेबाज विराट कोहली अभी तक कुछ भी योगदान नहीं दे पाए हैं. कोहली के बल्ले से 3 मैचों में कुल 5 रन हैं और ये परेशान करने वाला है और एक बार फिर वही सवाल उठ गया है कि कब तक टीम इंडिया कोहली का इस्तेमाल इसी तरह करते रहेगी? अगर ओपनिंग में उनसे रन नहीं बन रहे हैं तो क्या उन्हें फिर से नंबर 3 की पोजिशन पर नहीं लौटा देना चाहिए?

भारतीय टीम ने अगले दौर में जगह जरूर बनाई लेकिन उसका सफर भी बहुत आसान नहीं रहा. वजह न्यूयॉर्क स्टेडियम की पिच है, जिसने हर टीम को परेशान किया. कोहली से लेकर रोहित शर्मा, बाबर आजम, सूर्यकुमार यादव और हेनरिख क्लासन, क्विंटन डिकॉक जैसे बल्लेबाज भी यहां नाकाम रहे हैं. इसके बावजूद इन सभी में कोहली का फेलियर सबसे ज्यादा गंभीर है और सबसे ज्यादा खलने वाला है. इन सभी बल्लेबाजों ने कम से कम एक दमदार पारी जरूर खेली है लेकिन कोहली ने 3 पारियों में सिर्फ 5 रन बनाए हैं, जिसमें अमेरिका के खिलाफ तो वो पहली गेंद पर आउट हो गए थे.

कोहली को छोड़नी चाहिए ओपनिंग?

इसके लिए पिच को जरूर जिम्मेदार ठहराया जा सकता है लेकिन इसका दूसरा पहलू ये भी है कि कोहली से वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है, जैसा उन्होंने आईपीएल 2024 में किया था. कोहली ने तब ओपनिंग करते हुए 741 रन बनाए थे और ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे. इसी उम्मीद के साथ उन्हें ओपनिंग के लिए उतारा गया लेकिन नतीजा बिल्कुल इसका उलट रहा है और कोहली फिलहाल तो पूरी तरह फेल रहे हैं.

ऐसे में क्या अब कोहली को ओपनिंग से हटाकर तीसरे नंबर पर नहीं उतारना चाहिए, ताकि उनके अनुभव का पूरा फायदा टीम इंडिया को मिले. वैसे न्यूयॉर्क में अब कोई मैच नहीं खेला जाना लेकिन ये आशंका अब लगातार बनी रहेगी कि आगे के मैचों में भी कोहली इस तरह से विकेट गंवा दें. ऐसे में सही विकल्प तो यही है कि कोहली को तीसरे नंबर पर उतारा जाए और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल से ओपनिंग करवाई जाए.

आसान नहीं ये बदलाव

हालांकि ये इतना आसान भी नहीं होने वाला क्योंकि इससे टीम इंडिया के बैलेंस पर भी असर पड़ सकता है. यशस्वी से ओपनिंग और कोहली को नंबर पर 3 लाने का मतलब है, ऋषभ पंत के बैटिंग ऑर्डर में भी बदलाव, जो नंबर 3 पर लगातार अच्छा कर रहे हैं. ऐसी स्थिति में उन्हें शिवम दुबे की जगह नंबर-5 पर उतारना पड़ सकता है, जबकि दुबे को प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप करना पड़ सकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि किसी भी स्थिति में टीम इंडिया 5 प्रमुख गेंदबाजों के साथ उतरना चाहेगी. इसलिए कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ को सुपर-8 राउंड शुरू होने से पहले कुछ समाधान सोचना होगा.

Related posts

विराट कोहली को रोकेगा कौन? राजस्थान रॉयल्स के लिए ‘शर्मा जी का बेटा’ बड़ी उम्मीद, RCB के लिए बनेगा प्रॉब्लम

Uttarakhand Loksabha

इतना कौन मारता है भाई? 5 गेंद खराब डाली थी, पांचों पर रोहित शर्मा ने छक्के लगा दिए, सामने आया मिचेल स्टार्क का दर्द

Uttarakhand Loksabha

T20 World Cup: रिंकू सिंह पर न्यूयॉर्क से आई ऐसी रिपोर्ट, जिसे जानकर BCCI पर आएगा गुस्सा

Uttarakhand Loksabha